गैंगस्टर एक्ट में भाजपा नेता की कंपनी की 20 करोड़ की जमीन कुर्क
मोरटा गांव में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, चोरी के धन से जमीन खरीदने का आरोप; केडी त्यागी ने बताया साजिश

गाजियाबाद। जिला प्रशासन ने गैंगस्टर एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मोरटा गांव स्थित करीब 20 करोड़ रुपये मूल्य की कृषि भूमि कुर्क कर ली। यह संपत्ति भाजपा नेता केडी त्यागी की कंपनी साधना एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर दर्ज बताई गई है। राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जमीन को कुर्क करने की कार्रवाई पूरी की।
प्रशासन के अनुसार, कुर्क की गई जमीन ग्राम मोरटा, परगना जलालाबाद में स्थित है। खसरा संख्या 661 की कुल 1.7580 हेक्टेयर भूमि में से 1.3396 हेक्टेयर जमीन कार्रवाई के दायरे में शामिल है। प्रशासन ने संपत्ति का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 20 करोड़ रुपये बताया है।
चोरी के धन से जमीन खरीदने का आरोप
प्रशासनिक कार्रवाई के पीछे आरोप है कि उक्त जमीन की खरीद में देहरादून में हुई चोरी से प्राप्त धन का इस्तेमाल किया गया था। जिलाधिकारी के आदेश और न्यायालय के 10 जुलाई 2026 के आदेश के अनुपालन में राजस्व विभाग और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति कुर्क की।
कुर्क की गई संपत्ति की देखरेख के लिए प्रशासन ने गाजियाबाद के तहसीलदार को रिसीवर नियुक्त किया है। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संपत्ति पर प्रशासनिक कब्जे से संबंधित आदेश भी चस्पा किए।



