भूजल सप्ताह: जल संरक्षण का लिया

संकल्प-चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को हुए सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग माय भारत, इटावा की ओर से भूजल सप्ताह के तहत विकासखंड क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन को लेकर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं में जल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इसी क्रम में जोधा सिंह इंटर कॉलेज,हरकूपुर में वृक्षारोपण,जागरूकता संगोष्ठी और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल बार एसोसिएशन,इटावा के महामंत्री अजय कुमार गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथि वीरपाल सिंह तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार ने की।

चित्रकला प्रतियोगिता का विषय “जल संरक्षण का करें संकल्प,इसका नहीं कोई विकल्प” रखा गया। विद्यार्थियों ने आकर्षक चित्रों के माध्यम से जल बचाने और पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया। प्रतियोगिता में शीतल ने प्रथम,सलोनी ने द्वितीय और संजना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल, प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने वर्षा जल संचयन को अपनाने, भूजल स्तर को सुरक्षित रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन माय भारत स्वयंसेवक नीरज ने किया,जबकि ऋषभ पाठक ने सभी को जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मौजूद छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ ने माय भारत,इटावा की इस पहल की सराहना की।

Related Articles

Back to top button