सड़क दुर्घटनाओं में चार गंभीर घायल
इलाज को चिकित्सालय रेफर

जसवन्तनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत बुधवार को घटित हुए अलग-अलग स्थानों पर सड़क हादसों में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में उच्च संस्थानों के लिए रेफर कर दिया गया।
पहली घटना बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग आगरा से इटावा जाने वाली सड़क पर एक प्राइवेट अस्पताल के सामने घटित हुई जिसमें बाइक सवार हरियाणा राज्य के फरीदाबाद निवासी 65 वर्षीय कन्हैया लाल पुत्र रोशन लाल अपने नाती विवेक की शादी में शामिल होने के लिए झींझक जा रहे थे। उनकी बाइक डिवाइडर से टकराकर फिसल गई। हादसे में कन्हैया लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सीएचसी में उपचार के दौरान हाथ और पैर में फ्रैक्चर पाए जाने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
दूसरी घटना में फिरोजाबाद निवासी 60 वर्षीय उर्मिला देवी पत्नी रामप्रकाश अपने पुत्र सुदामा के साथ बाइक से सिरहोल गांव जा रही थीं। सिरहोल बंबा की पुलिया पर बाइक फिसलने से वह गिरकर घायल हो गईं। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
तीसरी घटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी गांव के पास हुई,जहां 24 वर्षीय आंशू पुत्र रामरतन की बाइक स्लिप हो गई। गंभीर हालत में उसे सीएचसी से सैफई रेफर किया गया।
चौथी घटना तिजोरा गांव की है। 55 वर्षीय रामेन्द्री देवी पत्नी सालिगराम सड़क पार कर रही थीं,तभी बाइक सवार ने टक्कर मार दी। घायल महिला को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया,जहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया।



