हाईवे पर हादसों में चार घायल

आवारा गोवंश से बाइक टकराने चार घटनाएं, सभी घायलों को सैफई रेफर किया गया

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर शाम अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए। हादसों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चारों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

पहली घटना ग्राम जमुना बाग के पास हाईवे पर हुई। नगला महाजीत निवासी 35 वर्षीय सनोज कुमार पुत्र सूरज सिंह अपने मित्र के साथ बाइक से जसवंतनगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर अचानक सामने आए आवारा गोवंश से बाइक टकरा गई। हादसे में सनोज कुमार घायल हो गए।

दूसरी घटना केस्त गांव के सामने हुई। यहां मलाजनी निवासी 25 वर्षीय ऋतिक पुत्र सुरेंद्र सिंह सड़क हादसे में घायल हो गए।

तीसरी घटना में नगला मरदान निवासी 70 वर्षीय मोतीलाल सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

चौथी घटना जोनई चौकी के समीप हुई। मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र के मीठेपुर निवासी 35 वर्षीय विजय कुमार पुत्र नरेश कुमार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

अलग-अलग घटनाओं में घायल चारों लोगों को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को बेहतर उपचार के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

Related Articles

Back to top button