शहर की शत्रु सम्पत्ति भी होगी कब्जा मुक्त, बुकुनपुर की जमीन की आगामी 25 मई को होगी ऑनलाइन नीलामी
गृह मंत्रालय ने सुल्तानपुर भेजा ऑब्जर्वर

सुल्तानपुर. जनपद में आगामी 25 मई को शत्रु सम्पत्ति की ऑनलाइन नीलामी होगी। तहसील सदर के सभागार में भारतीय शत्रु संपत्ति अभिरक्षक कार्यालय के पर्यवेक्षक विद्यासागर ने बताया कि विधिक व कानूनी प्रक्रिया के तहत खाली कराई गयी सम्पत्ति की नीलामी होगी। गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा कुड़वार विकास खण्ड के रवनिया गांव के निकट बुकुनपुर में गाटा संख्या 198/0.26 की ऑनलाइन नीलामी की जाएगी।
प्रदेश के 11 जनपद में शत्रु संपत्तियों की नीलामी
पर्यवेक्षक विद्यासागर ने बताया कि नीलामी आगामी 25 मई को प्रातः 11 से अपराह्न चार तक संपन्न होगी। उन्होंने बताया कि नीलामी प्रक्रिया में कोई भी भारत का नागरिक ऑनलाइन प्रक्रिया में शामिल हो सकता है। इसको लेकर प्रदेश भर में अभियान चलाया जा रहा है। ऑब्जर्वर विद्यासागर ने कहा कि कूट रचित दस्तावेजों के सहारे वर्षों से शत्रु संपत्तियों पर काबिज नागरिकों पर होगी बड़ी कार्यवाही। एक सवाल के जवाब में शहर के पीडब्ल्यूडी स्थित सिविल लाइन, गभरिया स्थित खरबो रुपये की संपत्ति पर भी प्रशासनिक कार्यवाही की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसी जमीनें भी जांच के घेरे में हैं जिन्हें कूटरचित दस्तावेज से बैनामे के अभिलेखों में दर्ज करा ली गयी है।
उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र के अलावा जिले भर में कई शत्रु संपत्तियों पर विभाग की नजर है। उन्होंने कहा कि बर्मा, चीन, पाकिस्तान चले गए ऐसे लोगों की जमीन का ब्यौरा भी संकलित किया जा रहा है। तहसील सभागार में दर्जनों नागरिकों के समक्ष संपत्ति से संबंधित संपत्तियों का दिया ब्योरा।
गौरतलब है कि लखनऊ, पीलीभीत, एटा, अयोध्या, मुजफ्फरनगर, सुल्तानपुर, बांदा, बिजनौर, बाराबंकी, कौशांबी एवं मुरादाबाद जिलों में स्थित 55 शत्रु संपत्तियों की होगी ऑनलाइन नीलामी होनी है। शत्रु सम्पत्ति अभिरक्षक की मुहिम गृह मंत्रालय के अधीन प्रक्रिया में है।



