मैच में विवाद युवक को पीटा: फिर मिली धमकी
दो नामजद समेत अज्ञातों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज: जांच शुरू

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला इंछा में मैच खेलने के दौरान हुए विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। आरोप है कि विरोध करने पर युवक के साथ मारपीट की गई और बाद में आरोपी उसके घर पहुंचकर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत एक-दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम नगला इंछा निवासी नीरज कुमार पुत्र महिपाल सिंह जाटव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने भाई आलोक जाटव तथा चाचा के पुत्र हर्षवर्धन और शनि जाटव के साथ गांव में मैच खेल रहा था। इसी दौरान अभिषेक पुत्र सुरजीत शंखवार और मोहित उर्फ गोरेलाल पुत्र परशुराम शंखवार वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।
नीरज ने विरोध किया तो आरोप है कि दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद आरोपी अपने एक-दो अन्य साथियों के साथ उसके घर के बाहर पहुंचे और उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना जसवंतनगर पुलिस ने दो नामजद व एक-दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे,उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



