गुरु पूर्णिमा पर भक्ति में डूबा नगर

खटखटा बाबा की पालकी यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

जसवंतनगर,इटावा। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कस्बे के प्राचीन खटखटा बाबा मंदिर में बुधवार को श्रद्धा और आस्था का अनुपम संगम देखने को मिला। इस अवसर पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद खटखटा बाबा की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में बाबा के जयघोष से नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

पालकी यात्रा खटखटा बाबा मंदिर से शुरू होकर नगर पालिका कार्यालय, बड़ा चौराहा,जैन मोहल्ला,कटरा खूबचंद, कटरा पुख्ता,जैन बाजार तथा अन्य प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी का स्वागत किया और बाबा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। भजन-कीर्तन और धार्मिक जयघोष के बीच निकली यात्रा ने नगरवासियों को आध्यात्मिक भाव से जोड़ दिया।

मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने खटखटा बाबा के दर्शन कर परिवार की खुशहाली,सुख-शांति और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। गुरु पूर्णिमा के उपलक्ष्य में मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न हुए।

आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और श्रद्धा का वातावरण बना रहा। इस अवसर पर महंत मोहन गिरी महाराज, अनुराग गुप्ता,यतेंद्र गुप्ता, गोपाल गुप्ता,राजेंद्र दिवाकर,अशोक गुप्ता, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन नगरवासियों के लिए आस्था,भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रेरणादायी उत्सव बन गया।

Related Articles

Back to top button