मिसाइल मैन की जयंती पर पाठशाला में काटा केक
नन्हें छात्रों ने मनाई डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम की जयंती, मिली निःशुल्क शैक्षणिक सामग्री

सैफई,इटावा। डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम निःशुल्क पाठशाला,सैफई में नियमित रूप से पठन-पाठन का कार्य संपन्न हुआ। इस अवसर पर भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं ‘मिसाइल मैन’ के नाम से विश्वविख्यात महान वैज्ञानिक डॉ.ए. पी.जे.अब्दुल कलाम जी की जयंती के उपलक्ष्य में बच्चों के साथ केक काटकर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को समोसे एवं कॉपी, किताब,पेन और पेंसिल वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनमें डॉ. कलाम के आदर्शों, सादगी,मेहनत और वैज्ञानिक सोच को आत्मसात करने की प्रेरणा देना रहा।
पाठशाला के संरक्षक डॉ. विजय किशोर चक्रवर्ती ने बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। बच्चों को पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ पढ़ाई करनी चाहिए तथा डॉ.ए.पी.जे.अब्दुल कलाम के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर पाठशाला के शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा से जोड़ना,उनका उत्साहवर्धन करना तथा समाज में शिक्षा एवं सेवा की भावना को मजबूत करना रहा।



