44 साल बाद फिर वही मंजर! लेबनान के इस ऐतिहासिक किले पर फहराया इजरायली झंडा, दहल उठा मिडिल ईस्ट

Beaufort Castle Row: दक्षिणी लेबनान में संघर्ष एक बार फिर तेज होता दिखाई दे रहा है। इजरायली फौज ने नबातियेह के पास स्थित ऐतिहासिक और सामरिक रूप से महत्वपूर्ण ब्यूफोर्ट किले पर नियंत्रण स्थापित करने का दावा किया है। इस कार्रवाई के बाद किले की चोटी पर इजरायल का झंडा फहराया गया है। करीब 44 वर्षों बाद इस स्थान पर इजरायली ध्वज दिखाई दिया है।
सैन्य विशेषज्ञों के अनुसार ये पिछले 26 वर्षों से अधिक समय में लेबनान के भीतर इजरायली सेना की सबसे गहरी सैन्य मौजूदगी मानी जा रही है। इस घटनाक्रम ने दक्षिणी लेबनान में रहने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ा दी है क्योंकि हाल के सप्ताहों में क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां लगातार बढ़ी हैं।
कई दिनों तक चला अभियान
आईडीएफ के मुताबिक ब्यूफोर्ट किले तक पहुंचने के लिए आसपास के गांवों में कई दिनों तक अभियान चलाया गया। इस दौरान हवाई हमले किए गए और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में हिजबुल्ला लड़ाकों के साथ मुठभेड़ हुई। इसके बाद सेना ने किले और उसके आसपास के इलाके पर नियंत्रण हासिल कर लिया।
वार्ता के बीच सैन्य कार्रवाई
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब इजरायल और लेबनान के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत जारी है। दोनों देशों के प्रतिनिधि वाशिंगटन में सीधे संपर्क बनाए हुए हैं। अगले चरण की वार्ता 2 और 3 जून को अमेरिकी विदेश मंत्रालय में प्रस्तावित है।
हालांकि 17 अप्रैल से संघर्षविराम लागू बताया जा रहा है लेकिन जमीन पर सैन्य गतिविधियां जारी हैं। ऐसे में यह कार्रवाई क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा सकती है।
सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरें
इजरायली सेना के अरबी भाषा के प्रवक्ता अवीचाय अद्राई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीर साझा की। तस्वीर में सैनिक किले के आसपास दिखाई दिए। वहीं रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने भी एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सैनिकों ने ब्यूफोर्ट किले पर इजरायली झंडा फहरा दिया है।
पहले भी रह चुका है इजरायल का नियंत्रण
ब्यूफोर्ट किला पहले भी इजरायल के कब्जे में रह चुका है। वर्ष 1982 में इजरायली सेना ने इस पर नियंत्रण किया था। बाद में 2000 में लेबनान से वापसी तक यह इलाका उसके नियंत्रण में रहा।
अमेरिका को सीधी चुनौती, ईरान ने चली ऐसी चाल कि घुटनों पर आ गईं दुनिया की महाशक्तियां
इजरायली सेना ने बताया कि कुछ दिन पहले ब्यूफोर्ट रिज और दक्षिण में स्थित सुलुकी घाटी में अभियान शुरू किया गया था। सेना का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य हिजबुल्ला के सैन्य ढांचे को कमजोर करना और इजरायल के नागरिकों के लिए संभावित खतरों को समाप्त करना है। सेना ने यह भी संकेत दिया है कि जरूरत पड़ने पर अभियान का दायरा और बढ़ाया जा सकता है।



