मानवता की मिसाल: Crowd Foundation रोजाना बांटेगा भोजन

गाजियाबाद।समाजसेवा और मानवता के लिए समर्पित Crowd Foundation Charitable Trust द्वारा संचालित “नारायण अन्न सेवा” अभियान को अब और व्यापक रूप दिया गया है। संस्था ने घोषणा की है कि आज से जरूरतमंदों के लिए नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात्रि भोजन की सुविधा शुरू कर दी गई है।
संस्था के अनुसार भोजन वितरण प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इस सेवा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों तक सम्मानपूर्वक भोजन पहुंचाना है, ताकि कोई भी व्यक्ति भूखा न रहे।
ट्रस्ट के ट्रस्टी अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि भूखे व्यक्ति को भोजन कराना सबसे बड़ी मानव सेवा है। उन्होंने कहा कि “जब किसी जरूरतमंद को सम्मान के साथ भोजन मिलता है तो उसके मन में आशा और विश्वास पैदा होता है। हमारा उद्देश्य सिर्फ भोजन वितरण नहीं बल्कि समाज में सेवा, करुणा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।”
उन्होंने बताया कि भारतीय संस्कृति में अन्नदान को सबसे बड़ा दान माना गया है और छोटी-सी सहायता भी किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान ला सकती है। संस्था ने स्थानीय नागरिकों, युवाओं, समाजसेवियों एवं व्यापारिक संगठनों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
नारायण अन्न सेवा अभियान के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाया जा रहा है, जिससे समाज में सेवा और संवेदनशीलता का सकारात्मक संदेश फैल रहा है।



