आरोप: नावालिग दिव्यांग किशोरी से दरिंदगी फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

बकेवर,इटावा। बकेवर थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और तनावपूर्ण मामला सामने आया है,जहाँ एक 14 वर्षीय दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा है। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पेड़ से बांधकर उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना और मारपीट से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार,घटना बकेवर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो के हवाले से बताया जा रहा है कि घटना में चार आरोपी शामिल थे। हालांकि,वारदात की भनक लगते ही ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाई और भाग रहे एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया। पकड़ा गया आरोपी पास के ही नगला बसी गांव का निवासी बताया जा रहा है।

गुस्साई भीड़ ने आरोपी युवक को एक पेड़ से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर डाल दिया,जो अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

*पहुंचे आला अधिकारी, जांच में जुटी पुलिस*

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस सहित अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी को अपनी हिरासत में लिया। वहीं, पीड़ित किशोरी को उसके परिजनों के साथ तत्काल उपचार और चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया है।

*छेड़छाड़ का मामला, जांच जारी*

मामले को लेकर थाना प्रभारी विपिन कुमार ने मौखिक रूप से जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती तौर पर यह मामला छेड़छाड़ का प्रतीत हो रहा है और घटना को एक ही आरोपी ने अंजाम दिया है।

हालांकि,पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और परिजनों व ग्रामीणों द्वारा लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों को गंभीरता से ले रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की गहनता से जांच की जा रही है और यदि घटना में अन्य लोग भी शामिल थे,तो उनकी धरपकड़ के लिए टीमें लगा दी गई हैं। जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button