लोनी में विवादित बयान से माहौल बिगाड़ने का आरोप, 25 हजार का इनामी गिरफ्तार

गाजियाबाद। लोनी क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं विवादित भाषा का इस्तेमाल कर माहौल खराब करने के आरोप में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी हाजी सलमान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ हिन्दू रक्षादल के कार्यकर्ता के साथ मारपीट करने तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने के आरोप में कार्रवाई की गई है।
बताया गया कि हिन्दू रक्षादल के कार्यकर्ता के साथ मारपीट की घटना के बाद मामला सोशल मीडिया तक पहुंच गया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर कथित तौर पर आपत्तिजनक बयान और भाषा का इस्तेमाल किए जाने से क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण होने की स्थिति बनी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की थी। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी हाजी सलमान को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी विवादित या भ्रामक सामग्री को बिना पुष्टि के प्रसारित न करें।


