मंत्री नरेंद्र कश्यप ने की मेरठ मंडल में विभागीय योजनाओं की समीक्षा, पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश

गाजियाबाद। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण नरेंद्र कश्यप की अध्यक्षता में गुरुवार को गंगाजल जल निगम गेस्ट हाउस में मेरठ मंडल की विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बागपत और गौतमबुद्धनगर के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति का विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में दिव्यांग पेंशन, शादी-विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार, कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण, मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ई-ट्राइसाइकिल, दुकान निर्माण, कॉक्लियर इम्प्लांट और यूडीआईडी कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं से जोड़ते हुए लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और पेंशन स्वीकृति व भुगतान में देरी न हो।
इसके अलावा पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की शादी अनुदान, छात्रवृत्ति और ट्रिपल सी प्रशिक्षण योजना की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने, पात्र विद्यार्थियों एवं लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने और योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।



