कथा में भक्ति, वैराग्य और ज्ञान का हुआ वर्णन

राजा परीक्षित के श्राप से लेकर कपिल भगवान के उपदेश तक सुनाई भागवत कथा

जसवंतनगर,इटावा। क्षेत्र के ग्राम टकपुरा में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के दूसरे दिन गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने भागवत पुराण के विभिन्न आध्यात्मिक प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने राजा परीक्षित को मिले श्राप, सुखदेव जी के प्राकट्य, सृष्टि की उत्पत्ति, भगवान वराह के अवतार और कपिल भगवान के उपदेशों की कथा सुनाई। इन प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

कथा व्यास ने श्रीमद्भागवत के प्रथम स्कंध का प्रसंग सुनाते हुए बताया कि राजा परीक्षित को ऋषि के पुत्र श्रृंगी के श्राप से सात दिन में तक्षक नाग के डसने से मृत्यु का विधान मिला था। इसके बाद राजा परीक्षित ने शेष जीवन भगवान की कथा सुनने और मोक्ष प्राप्ति के लिए समर्पित कर दिया। गंगा तट पर पहुंचे राजा परीक्षित को शुकदेव जी ने सात दिनों तक श्रीमद्भागवत कथा सुनाई। महाराज ने कहा कि मनुष्य को जीवन के प्रत्येक क्षण का सदुपयोग करते हुए सत्संग और प्रभु भक्ति में मन लगाना चाहिए।

उन्होंने भगवान शिव द्वारा माता पार्वती को सुनाई गई अमर कथा और उसी कथा के श्रवण से शुकदेव जी के प्राकट्य का प्रसंग भी सुनाया। इसके बाद सृष्टि की उत्पत्ति का वर्णन करते हुए बताया कि भगवान की प्रेरणा से ब्रह्मा जी ने सृष्टि की रचना की। जब हिरण्याक्ष ने पृथ्वी को रसातल में पहुंचा दिया, तब भगवान विष्णु ने वराह अवतार धारण कर पृथ्वी का उद्धार किया और धर्म की पुनर्स्थापना की।

कथा में कपिल भगवान के अवतार का प्रसंग सुनाते हुए महाराज ने बताया कि भगवान कपिल ने अपनी माता देवहूति को सांख्य योग का ज्ञान प्रदान किया। उन्होंने शरीर को नश्वर और आत्मा को अमर बताते हुए भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य के माध्यम से मोक्ष प्राप्ति का मार्ग समझाया। उन्होंने कहा कि मनुष्य को सांसारिक मोह-माया में उलझने के बजाय ईश्वर की भक्ति और सत्कर्मों में जीवन लगाना चाहिए।

पंडित शिवाकान्त जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल श्रवण का विषय नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्ग है। कथा श्रवण से मनुष्य के भीतर भक्ति, सद्भाव, वैराग्य और सदाचार की भावना जागृत होती है।

इस अवसर पर नवीन शर्मा, ऋषिकेश शर्मा, ध्रुव दुबे, महंत राजेश्वर दास, गजेंद्र चतुर्वेदी, अजय शर्मा और इंद्रजीत शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आयोजन से जुड़े लोग मौजूद रहे। कथा स्थल पर दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

Related Articles

Back to top button