मिड-डे मील: शिकायतों पर डीआईओएस की पहल पर जांच शुरू

जीजीआईसी पहुंचकर अधिकारियों ने खुद चखा बच्चों का भोजन,परखी गुणवत्ता,साफ-सफाई, वितरण व्यवस्था का किया निरीक्षण, कर्मचारियों को दिए आवश्यक निर्देश

इटावा। स्कूलों में मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बीच जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने सराहनीय पहल की है। गुरुवार को वह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) पहुंचे और मध्याह्न भोजन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता परखी।

निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ने भोजन की गुणवत्ता, रसोई की साफ-सफाई और भोजन वितरण व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन तैयार करने और वितरण के दौरान साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।

मध्याह्न भोजन को लेकर लगातार सामने आ रही शिकायतों के बीच जिला विद्यालय निरीक्षक का स्वयं भोजन चखकर गुणवत्ता की जांच करना महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों की इस सक्रियता से विद्यालयों में भोजन व्यवस्था की नियमित निगरानी को बढ़ावा मिलने और बच्चों को बेहतर भोजन उपलब्ध कराने की उम्मीद है।

इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य प्रज्ञा सिंह सहित अन्य शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button