संविधान के अनुरूप ही सुरक्षित हैं हमारे अधिकार : जिला जज

संविधान संवाद 2026 में प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, क्विज प्रतियोगिता में यशी शर्मा रहीं प्रथम

जसवंतनगर,इटावा।संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को हिन्दू विद्यालय इंटर कॉलेज में संविधान संवाद 2026 कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित ‘एक स्वर, एक संविधान’ कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला जज रजत सिंह जैन ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

जिला जज रजत सिंह जैन ने कहा कि देश का संचालन संविधान के आधार पर होता है और हमारे अधिकार संविधान के अनुरूप ही सुरक्षित हैं। भारतीय संविधान विश्व के सबसे विस्तृत संविधानों में से एक है। इसके कुछ प्रावधानों में बदलाव नहीं किया जा सकता,जबकि अन्य में समय और परिस्थितियों के अनुसार संसद के माध्यम से संशोधन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक व्यक्ति को अपने धर्म का पालन करने की स्वतंत्रता देता है, लेकिन किसी दूसरे धर्म का अपमान करने की अनुमति नहीं देता। भाषा और धर्म के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जा सकता।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। वक्ताओं ने संविधान के मूल्यों, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी। विद्यार्थियों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ ली।

क्विज में यशी शर्मा ने बाजी मारी

संविधान विषय पर आयोजित क्विज प्रतियोगिता में कॉलेज की छात्रा यशी शर्मा ने प्रथम, शीतल ने द्वितीय तथा छवि और कृष्ण ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। छात्राओं ने संविधान प्रदत्त अधिकारों,मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी कुमार,जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव आरती द्विवेदी, एसडीएम अभिषेक कुमार सिंह,जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह,कॉलेज प्रबंधक राहुल गुप्ता, प्रधानाचार्य संजीव कुमार सहित शिक्षक,कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में सभी ने संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button