शेख हसीना के गढ़ में आधी रात खूनी तांडव: कई देसी बम धमाके, 12 दुकानें फूंकीं और 30 लहूलुहान!

Sheikh Hasina Hometown Clash: अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना का पैतृक गृह जनपद और देश के राजनीतिक गढ़ के रूप में मशहूर गोपालगंज में सोमवार शाम और रात को जमकर देसी बम फूटे। कम से कम 12 दुकानों को आग के हवाले कर दिया गया। इस दौरान लगभग 30 लोग घायल हो गए। यह घटनाएं हसीना की पार्टी अवामी लीग और उससे संबद्ध संगठनों के दिन में निकाले गए जुलूस को लेकर हुए विवाद के बाद हुईं।
द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, प्रतिबंधित अवामी लीग के गोपालगंज शहर व अन्य स्थानों पर निकाले गए जुलूस पर हुए विवाद के बाद हिंसा भड़क गई। यह खूनखराबा गोपालगंज शहर के लॉन्च घाट और गोपालगंज क्रिकेट स्टेडियम के आसपास के इलाकों और कोतालीपाड़ा उपजिला के दक्षिण हिरन गांव में हुआ।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार दोपहर अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गोपालगंज शहर के लॉन्च घाट इलाके से एक जुलूस निकाला। जुलूस के बाद एक रैली में पार्टी नेताओं के बगल में खड़े होने को लेकर घोषरचर गांव के एक युवक और चारमानिकदाह गांव के कुछ युवकों के बीच बहस हो गई। इस घटना के कारण शाम को दोनों गांवों के निवासियों के बीच झड़पें शुरू हो गईं।
घटना में कम से कम 20 लोग घायल
गोपालगंज क्रिकेट स्टेडियम के पास की सड़क पर दोनों गुटों के बीच देसी हथियारों के साथ आमना-सामना हुआ और एक-दूसरे का पीछा किया गया। झड़प के दौरान चार देसी बम फटे और फूलों की कम से कम सात दुकानों में तोड़फोड़ की गई। इस घटना में कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, इनमें से पांच गंभीर रूप से घायल लोगों को गोपालगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाकी लोगों को प्राथमिक उपचार दिया गया। गोपालगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सहायक निदेशक डॉ. नियाज़ महमूद ने बताया कि शाम को एक झड़प में घायल हुए कई लोग अस्पताल आए। कुछ लोग प्राथमिक उपचार के बाद चले गए, जबकि कई अन्य अस्पताल में भर्ती रहे।
गोपालगंज सदर थाना के इंस्पेक्टर (जांच) मो. सिराजुल इस्लाम ने कहा, “हमें घटना के बारे में शुरुआती जानकारी मिली है। अभी तक किसी ने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है। अगर कोई शिकायत दर्ज कराई जाती है,तो जांच के बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” इस बीच, कोतालीपाड़ा उपजिला के दक्षिण हिरन गांव में अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के निकाले गए जुलूस को लेकर दो गुटों के बीच बहस हो गई, जिसके बाद झड़प हो गई। इस घटना में 10 लोग घायल हो गए और पांच दुकानों में तोड़फोड़ की गई।
सोना गिर रहा है, फिर भी चीन क्यों भर रहा है खजाना? ड्रैगन का ये ‘गोल्ड गेम’ चौंका देगा
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार शाम को हिरन यूनियन में अवामी लीग, जुबो लीग और प्रतिबंधित संगठन छात्र लीग के कार्यकर्ताओं ने एक जुलूस निकाला। जब यह जुलूस दक्षिण हिरन गांव पहुंचा तो जुबो लीग के नेता और हिरन यूनियन परिषद के चेयरमैन पद को उम्मीदवार मशियुर रहमान और एक अन्य नेता मुंशी रायच उद्दीन के भाई शफीकुल इस्लाम के बीच बहस हो गई। इसके बाद उनके समर्थकों के बीच झड़प हो गई। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को कोतालीपाड़ा उपजिला स्वास्थ्य परिसर में भर्ती कराया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोपालगंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
कोतालीपाड़ा थाना प्रभारी अधिकारी नयन चंद्र देबनाथ ने बताया, “हिरन गांव में दो गुटों के बीच झड़प हुई है। हालांकि, इस घटना को लेकर किसी ने कोई लिखित या मौखिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है। अगर कोई शिकायत दर्ज कराई जाती है, तो हम कार्रवाई करेंगे।”



