संजय नगर और गुलधर में धूमधाम से मनाया गया छठ महापर्व, श्रद्धालुओं ने मांगी सुख-समृद्धि की कामना

विधायक अजीत पाल त्यागी, पूर्व महापौर आशु वर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने पहुंचकर दी पर्व की शुभकामनाएं

गाजियाबाद। संजय नगर एवं मेरठ रोड इंडस्ट्रियल एरिया गुलधर के विभिन्न स्थानों पर छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुभाष पार्क, सेक्टर-23 एफ ब्लॉक पानी की टंकी, जी ब्लॉक पानी की टंकी, रईसपुर एम ब्लॉक और बी ब्लॉक पार्क में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

आयोजन समितियों के आमंत्रण पर क्षेत्रीय विधायक अजीत पाल त्यागी, पूर्व महापौर आशु वर्मा, वरिष्ठ समाजसेविका विभा रावत, वंदना चौधरी, पूर्व अध्यक्ष अमर दत्त शर्मा, पार्षद प्रदीप चौधरी, पार्षद पप्पू नागर, एडवोकेट अक्षिता मुकेश त्यागी, पूर्व पार्षद मनोज चौधरी और पूर्व मंडल अध्यक्ष ओम दत्त कौशिक सहित अनेक गणमान्य लोग आयोजन स्थलों पर पहुंचे और श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। यह पर्व सामाजिक एकता और पारिवारिक संस्कारों को मजबूत करता है। पूर्व महापौर आशु वर्मा ने कहा कि छठी मैया की आराधना लोक आस्था का प्रतीक है और ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत एवं सामाजिक समरसता को आगे बढ़ाते हैं।

वरिष्ठ समाजसेविका विभा रावत ने माताओं-बहनों की श्रद्धा, तपस्या और समर्पण को प्रेरणादायक बताया। पार्षद प्रदीप चौधरी और पप्पू नागर ने छठ महापर्व को सनातन संस्कृति, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। वहीं एडवोकेट अक्षिता मुकेश त्यागी ने इसे नारी शक्ति, त्याग और पारिवारिक खुशहाली का पर्व बताया।

आयोजन समिति की ओर से पूर्व पार्षद मनबीर नागर, पंडित यू.एन. वत्स, सियाराम यादव, राजू भाई, डी.एन. सिंह, रामेश्वर सिंह, गौरी शंकर सिंह, राजकुमार चौधरी, अविनाश ओझा, कमल चन्द्र पाल और कन्हाई ओझा सहित अन्य सहयोगियों ने श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के लिए व्यवस्थाएं संभालीं।

Related Articles

Back to top button