दबंगों ने पिता-पुत्र को लाठी-डंडों से पीटा: तीन नामजद

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के गांव बाहरपुरा में खेत में घुसकर गाली-गलौज करने का विरोध करना पिता-पुत्र को भारी पड़ गया। आरोप है कि तीन लोगों ने लाठी-डंडों से पिता-पुत्र की जमकर मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। खेत पर काम कर रहे अन्य लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पुलिस के अनुसार, गांव बनामई निवासी रवि कुमार पुत्र लाखन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि 13 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह गांव बाहरपुरा स्थित अपने खेत पर मौजूद था। इसी दौरान गांव के ही कुलदीप कुमार, अमरदीप और प्रदीप उर्फ ईशू बिना किसी कारण उसके खेत में पहुंच गए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे।

आरोप है कि खेत पर मौजूद रवि के पिता लाखन सिंह ने जब आरोपियों को गाली-गलौज करने से मना किया तो तीनों ने लाठी-डंडों से रवि कुमार और उसके पिता पर हमला कर दिया। मारपीट में दोनों घायल हो गए। शोर-शराबा सुनकर खेत पर काम कर रहे अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। इस पर आरोपी दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button