मेवाड़ संस्थान में धूमधाम से मनाया दीपावली मिलन समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने लिया संकल्प, हर साल 10 बच्चों को समाज योग्य बनाने के लिए करेंगे प्रयास

गाजियाबाद। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के ऑडिटोरियम में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। समारोह में मेवाड़ परिवार के सदस्यों ने कविताओं, एकल नृत्य और समूह नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। इस दौरान पूरा परिसर दीपावली की खुशियों और उत्साह से सराबोर नजर आया।

समारोह को संबोधित करते हुए मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक होने के नाते समाज के अंतिम छोर तक खुशियां पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। हमें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए और विद्यार्थियों का व्यक्तित्व विकास कर उन्हें देश एवं समाज के लिए योग्य नागरिक बनाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस दीपावली सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि संस्थान हर वर्ष कम से कम 10 बच्चों को समाज के योग्य बनाएगा। साथ ही अपने संस्थान को एक जीवंत और आदर्श संस्थान बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस के महासचिव अशोक कुमार सिंघल ने कहा कि दीपावली हमारा अपना पर्व है, जो हमें भाईचारे, प्रेम और अंधकार को प्रकाश में बदलने की प्रेरणा देता है। हमें अपने प्रत्येक रिश्ते को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के तकनीकी युग में शांतिपूर्ण और खुशहाल जीवन जीना चुनौतीपूर्ण हो गया है, लेकिन भगवान श्रीराम की कथा में हर परिस्थिति में जीवन जीने की कला और प्रेरणा मिलती है। उनके आदर्शों को अपनाकर जीवन को सुखी और शांत बनाया जा सकता है।

उन्होंने वंचित समाज के लोगों के साथ खुशियां बांटने और सामाजिक जिम्मेदारियों को संकल्प के रूप में अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपावली आनंद और उल्लास प्रदान करने वाला पर्व है। समारोह का सफल संचालन अमित पाराशर ने किया। कार्यक्रम के अंत में मेवाड़ परिवार के सभी सदस्य लक्ष्मी पूजन में शामिल हुए और सुख-समृद्धि की कामना की।

Related Articles

Back to top button