दोपहर में उठता है बाजार से कूड़ा: व्यापारी राहगीर परेशान

दुकानें खुलने के बाद सफाईकर्मी पहुंचते हैं कूड़ा उठाने

जसवंतनगर,इटावा। नगर के प्रमुख बाजार में दोपहर तक कूड़ा उठाए जाने से व्यापारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सिटी प्लाजा के पास गुलाबबाड़ी मोड़ पर सुबह दुकानें खुलने के बाद करीब 11 बजे सफाईकर्मी कूड़ागाड़ी लेकर कचरा उठाने पहुंचते हैं। इस दौरान उड़ने वाली धूल और गंदगी दुकानों के साथ खानपान प्रतिष्ठानों तक पहुंचती है। व्यापारियों ने नगर पालिका प्रशासन से दुकानें खुलने से पहले कूड़ा उठवाने की मांग की है।

प्रतिष्ठित मोबाइल विक्रेता निकेतन जैन ने नगर के व्हाट्सएप ग्रुपों में समय दर्शाते हुए वीडियो साझा कर सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मुख्य बाजार में सुबह नौ बजे तक दुकानें खुल जाती हैं, जबकि कूड़ा उठाने के लिए सफाईकर्मी करीब 11 बजे पहुंचते हैं। कचरा उठाते समय धूल और गंदगी उड़कर दुकानों में पहुंचती है। खानपान प्रतिष्ठानों के संचालकों को अपनी खाद्य सामग्री त्रिपाल से ढककर बचानी पड़ती है।

व्यापारियों ने कहा कि दीपावली के मद्देनजर खाद्य विभाग की टीम मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए दुकानों पर जांच कर रही है। वहीं, नगर पालिका के स्वच्छतामित्र दोपहर तक बाजार में कूड़ा उठाने पहुंचते हैं। खुले वाहनों में कचरा भरकर ले जाने से रास्ते में भी गंदगी फैलती है। व्यापारियों का कहना है कि एनजीटी के नियमों के अनुसार कचरा परिवहन के दौरान वाहनों को ढककर रखना चाहिए, ताकि कचरा सड़क पर न फैले।

इस संबंध में ईओ नगर पालिका श्यामवचन सरोज ने बताया कि यदि कूड़ा गाड़ी को खुला रखकर ले जाया जा रहा है तो इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।

व्यापारियों ने मांग की है कि मुख्य बाजार में दुकानें खुलने से पहले सफाई और कूड़ा उठाने का काम पूरा कराया जाए। साथ ही कचरा ले जाने वाले वाहनों को त्रिपाल से ढककर चलाया जाए, जिससे बाजार में स्वच्छता बनी रहे और दुकानदारों व ग्राहकों को परेशानी न हो।

Related Articles

Back to top button