एक्सपायरी सामग्री मिलने पर मचा हड़कंप

दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुरू की छापेमारी

जसवंतनगर,इटावा।दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को नगर क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश कुमार के नेतृत्व में पहुंची टीम ने दूध विक्रेता और मिठाई की दुकान पर जांच की। इस दौरान दूध, मावा और छेना के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं फक्कड़पुरा मार्ग स्थित कमलेश हलवाई नीलकंठ मिष्ठान की दुकान पर करीब एक क्विंटल छेना मौके पर ही नष्ट कराया गया। दुकान से एक्सपायरी डेट के रंग, एसेंस और पाउडर भी मिले,जिन्हें जांच के दायरे में लिया गया।

नगर क्षेत्र में मिलावटी खाद्य पदार्थों की आपूर्ति को लेकर भी लंबे समय से सवाल उठते रहे हैं। बताया जाता है कि आगरा जिले की बाह तहसील क्षेत्र के गांवों से नकली पनीर,छेना और खोया की गाड़ियां तड़के दो से पांच बजे के बीच जसवंतनगर पहुंचती हैं। इन खाद्य पदार्थों की आपूर्ति मोटरसाइकिल और ऑटो के माध्यम से की जाती है। पिछले वर्ष दीपावली के दौरान बलरई के तत्कालीन थानाध्यक्ष एवं प्रशिक्षु सीओ अभय कुमार वर्मा ने लखेरा कुआं पर ऐसी ही गाड़ियों को पकड़ा था। उस समय कई क्विंटल पनीर और छेना नष्ट कराया गया था। इसके बावजूद त्योहार के आसपास इस तरह की आपूर्ति की चर्चाएं फिर सामने आ रही हैं।

त्योहार के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता पर निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने कारोबारियों को चेतावनी दी कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार,जयपाल सिंह, राघवेंद्र प्रताप वर्मा, कपिल गुप्ता और सुभाष सोनकर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से टीम के साथ जसवंतनगर पुलिस बल भी तैनात रहा।

Related Articles

Back to top button