बुजुर्गों की शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नियमित संपर्क रखेगी पुलिस

पुलिस कमिश्नर ने वरिष्ठ नागरिक सेल की बैठक में दिए निर्देश, अकेले रहने वाले बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष जोर

गाजियाबाद। जनपद में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर पुलिस कमिश्नर ने वरिष्ठ नागरिक सेल से जुड़े अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बुजुर्गों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करने, नियमित संपर्क बनाए रखने और अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की किसी भी शिकायत को हल्के में न लिया जाए। शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिसकर्मियों को बुजुर्गों के प्रति संवेदनशीलता और सौम्य व्यवहार रखने की हिदायत भी दी।

बैठक में अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्र में रहने वाले बुजुर्गों की जानकारी रखें और समय-समय पर उनसे मुलाकात कर उनकी समस्याओं का जायजा लें। जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए।

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट के प्रत्येक थाने में वरिष्ठ नागरिक सेल सक्रिय है। बीट पुलिसकर्मियों को भी बुजुर्गों से नियमित संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है, जहां चौबीसों घंटे पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं।

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी सुरक्षा पुलिस की प्रमुख जिम्मेदारी है। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ थाना स्तर पर ही समस्याओं का प्रभावी समाधान करने और बुजुर्गों का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में वरिष्ठ नागरिक सेल के कार्यों की समीक्षा भी की गई। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि बुजुर्गों के साथ दुर्व्यवहार या उनकी उपेक्षा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button