भरथना में डेंगू की दस्तक: फौजी कानपुर भर्ती
बृजराज नगर के चार घरों में 9 से अधिक मिले बुखार पीड़ित

भरथना,इटावा। भरथना नगर पालिका परिषद क्षेत्र में बीते दिनों जान लेवा घातक बीमारी डेंगू दस्तक देकर मोहल्ला बृजराज नगर में दहशत फैला दी है। जिसकी चपेट में आकर मोहल्ला के एक रिटायर्ड फौजी राकेश कुमार 55 बर्ष पुत्र देव सिंह गम्भीर रूप से बीमार हो गए हैं,जिनकी जांच उपरान्त उन्हें उच्च इलाज के लिए कानपुर के एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जबकि उनकी पत्नी रेखा देवी 50 वर्ष,बेटा प्रभात कुमार 21 वर्ष,बेटी कु.सोनम 19 वर्ष बुखार से पीड़ित इलाज को मजबूर बने हुए हैं।
वहीं इसी मोहल्ला निवासी लक्ष्मी देवी 40 वर्ष पत्नी स्व.संजीव कुमार उनकी 9 वर्षीय बेटी कु.दिव्यांशी के अलावा अर्चना कश्यप 27 वर्ष पत्नी दीपू कश्यप और उनकी 5 वर्षीय बेटी कु.गौरी व ढाई वर्षीय मासूम कु.हर्षता और कु.सुधा 15 वर्ष पुत्री मूलचंद कश्यप भी बुखार की चपेट में बनी हुईं हैं।
डेंगू और बुखार पीड़ितों ने बताया कि नगर पालिका परिषद के अनदेखी के चलते नगर की सड़को-गलियों में फैली रहने वाली गन्दगी और आवारा गौवंशों का पड़ा रहने वाला गोबर के अलावा मोहल्लो की नाला-नालियों में दुर्गंध भरा कीचड़ डेंगू मच्छरों के अलावा विभिन्न घटक बीमारियों को जन्म दे रहे है। जिसके कारण एक ही मोहल्ला बृजराज नगर में कुल चार घरों में 9 सदस्य डेंगू,बुखार,वायरल फीवर, खांसी-जुकाम आदि के चपेट में आ चुके हैं।
वार्ड सभासद प्रतिनिधि शिवराम सिंह यादव ने प्रशासन से उक्त मोहल्ला में स्वास्थ्य विभाग की जांच टीम भेजकर पीड़ित मरीजों का इलाज कराए जाने और पालिका प्रशासन से सड़क गलियों में साफ सफाई के साथ डेंगू मच्छर से निपटने के लिए कीटनाशक दवाइयों का नियमित छिड़काव कराए जाने की मांग की है। शिवराम सिंह यादव ने प्रशासन से नगर क्षेत्र में विचरण कर रहे आवारा गौवशों को सुरक्षित स्थानों पर एकत्रित कराने की मांग की है,ताकि नगर की सड़कें गलियों में उनके गोबर से गंदगी न फैल सके।



