ऊपरी मंजिल टूटी और मलबे में समा गई पूरी क्लास, अस्पताल में 28 बच्चों के शव पहुंचते ही कोहराम

Peshawar School Roof Collapse; पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर से गुरुवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जहां दीर कॉलोनी स्थित एक निजी स्कूल की छत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 29 स्कूली बच्चों और एक महिला शिक्षिका समेत कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इमारत की ऊपरी मंजिल की छत सीधे नीचे की मंजिल पर आ गिरी, जिसके दबाव से पहली मंजिल की छत भी टूट गई और कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे मासूम बच्चे सीधे कंक्रीट के मलबे के नीचे दब गए।
मृतकों में 6 लड़कियां शामिल
एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पेशावर के डिप्टी कमिश्नर के अनुसार, मलबे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित और गंभीर अवस्था में बाहर निकाल लिया गया है। पेशावर के प्रमुख ‘लेडी रीडिंग अस्पताल’ (LRH) प्रशासन ने शुरुआत में चार मौतों की पुष्टि की थी, लेकिन बाद में अस्पताल में 28 बच्चों के शव लाए जाने की जानकारी दी गई, जिनमें 6 लड़कियां शामिल हैं। इसके अलावा दो अन्य शवों को नसीरुल्लाह खान बाबर मेमोरियल अस्पताल भेजा गया, जहां कुल मौतों का आंकड़ा 30 तक पहुंच गया।
हादसे के बाद पुलिस ने तत्काल कानूनी कार्रवाई करते हुए स्कूल के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। कैपिटल सिटी पुलिस ऑफिसर डॉ. मियां सईद ने पुष्टि की कि इस निजी स्कूल का संचालन एक ट्रस्ट के तहत किया जा रहा था और इमारत की जर्जर स्थिति व निर्माण गुणवत्ता की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रांतीय शिक्षा सचिव इनायतुल्लाह वसीम ने निजी स्कूल नियामक प्राधिकरण को 24 घंटे के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के सख्त निर्देश दिए हैं।
अमेरिका के मंदिर में सैकड़ों भारतीयों की हत्या की साजिश नाकाम; ऐन मौके पर राइफल जाम हो गई, लोग बोले चमत्कार है ये
इस भीषण त्रासदी पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। वहीं, खैबर पख्तूनख्वा के गवर्नर फैसल करीम कुंडी, नेशनल असेंबली स्पीकर सरदार अयाज सादिक और पीपीपी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए अस्पताल प्रशासन को घायलों के सर्वोत्तम इलाज के निर्देश दिए हैं।



