सेना की वर्दी में एक संदिग्ध को सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ा
सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम ठगी करने की शिकायत प्राप्त हुई कार्रवाई

सैफई,इटावा। सैफई के विश्वविद्यालय की संज्ञान में आया है कि शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में सेना की वर्दी पहने एक संदिग्ध व्यक्ति को सुरक्षा कर्मियों द्वारा पकड़ा गया है,उक्त व्यक्ति के पास कथित रूप से फर्जी दस्तावेज होने तथा नौकरी उपलब्ध कराने के नाम पर ठगी किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी।
प्राप्त शिकायत के आधार पर विश्वविद्यालय में तैनात सुरक्षा कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर आगे की जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई हेतु सेंफई पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की विस्तृत जांच संबंधित पुलिस प्रशासन द्वारा की जा रही है।
कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के निर्देशानुसार विश्वविद्यालय प्रशासन संदिग्ध गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए परिसर की सुरक्षा एवं संस्थान की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। विश्वविद्यालय के नाम अथवा परिसर का दुरुपयोग कर आमजन को ठगी का शिकार बनाने जैसी गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन आमजन से अपील करता है कि नौकरी उपलब्ध कराने अथवा अन्य किसी कार्य के नाम पर धनराशि मांगने वाले अज्ञात एवं संदिग्ध व्यक्तियों से सतर्क रहें। किसी भी व्यक्ति के दस्तावेजों,पहचान या दावों की पुष्टि किए बिना उस पर विश्वास न करें तथा ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस अथवा संबंधित अधिकारियों को दें।
जनहित में सतर्कता और जागरूकता ही ठगी से बचाव का प्रभावी माध्यम है।



