अयान हत्याकांड में डेढ़ माह से फरार नामजद आरोपित गिरफ्तार

गाजियाबाद। साहिबाबाद क्षेत्र में 17 वर्षीय अयान की हत्या के मामले में पुलिस ने करीब डेढ़ माह से फरार चल रहे नामजद आरोपित शहजाद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 27 अगस्त की रात शहजाद और वसीम अयान को मोटरसाइकिल से शहीद नगर मेट्रो स्टेशन की ओर ले गए थे। आरोप है कि लिफ्ट वाले रास्ते के पास पहले से मौजूद युवकों ने अयान को घेरकर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अयान की अस्पताल में मौत हो गई थी।
स्वजन की तहरीर पर 28 अगस्त को साहिबाबाद थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सात अक्टूबर को शहजाद को शहीद नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में शहजाद ने बताया कि अयान और मानू के बीच पहले कहासुनी हुई थी। मानू के कहने पर वह वसीम के साथ अयान को शहीद नगर मेट्रो स्टेशन के पास लेकर पहुंचा था। वहां पहले से मौजूद युवकों ने अयान पर चाकू से हमला किया। हमले के बाद शहजाद मौके से फरार हो गया। पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।



