विवाहिता की हत्या में पति, सास और ससुर गिरफ्तार, लोहे की रॉड बरामद

गाजियाबाद। मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सदरपुर गांव में विवाहिता रेनू की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति समेत सास और ससुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, तीनों पर रेनू की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या करने का आरोप है। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। मामले में नामजद देवर अर्पण कुमार की तलाश जारी है।

पांच अक्टूबर को अलीगढ़ के पिसावा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव निवासी राहुल राठी ने मधुबन बापूधाम थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन रेनू की उसके पति अरुण कुमार, ससुर विनोद कुमार, सास रोहताशी और देवर अर्पण कुमार ने मिलकर लोहे की रॉड से मारपीट कर हत्या कर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 312/26 दर्ज कर बीएनएस की धारा 85 और 103(1) के तहत कार्रवाई शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बुनकर मार्ट पुलिस चौकी मधुबन बापूधाम क्षेत्र के पास से अरुण कुमार, उसकी मां रोहताशी और पिता विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

घरेलू विवाद में मारपीट का आरोप

एसीपी कविनगर के मुताबिक, पूछताछ में आरोपितों ने घर में छोटी-छोटी बातों और खाना बनाने को लेकर रेनू से विवाद होने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने विवाद के दौरान रेनू के साथ मारपीट करने और सिर पर लोहे की रॉड से वार करने की बात स्वीकार की है। हालांकि मामले में पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड बरामद कर ली है। वहीं, नामजद देवर अर्पण कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि विवेचना में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button