शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार के मुद्दों पर संवाद के लिए चौरी-चौरा से निकली यात्रा पहुंची रायबरेली

रायबरेली। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों को लेकर निकाली जा रही Gen Z Connect साइकिल यात्रा के रायबरेली पहुंचने पर विवाद की स्थिति सामने आई। यात्रा में शामिल जस्टिस मोर्चा का एक सक्रिय युवक ने मीडिया से बात करते हुए आरोप लगाया कि शहीद चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोकने, नारे लगाने से मना करने और वहां से चले जाने की धमकी दी।
चौरी-चौरा से शुरू हुई यात्रा
यात्रा में शामिल युवक ने बताया कि साइकिल यात्रा की शुरुआत 20 अगस्त को चौरी-चौरा से हुई थी। इसके बाद यात्रा विभिन्न जिलों से होते हुए रायबरेली पहुंची। उसके अनुसार, यात्रा का उद्देश्य छात्रों, युवाओं और आम लोगों से संवाद करना तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े सवालों को उठाना है।
युवक ने कहा कि यात्रा के दौरान टीम स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्रों से बातचीत कर रही है। साथ ही, आम जनता के बीच जाकर उनके मुद्दों को समझने और इन विषयों पर जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
शहीद स्थल पर पहुंचने के दौरान विवाद का दावा
वीडियो में युवक ने कहा कि रायबरेली के शहीद स्थल पर स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देने और अपने मुद्दों पर आवाज उठाने के लिए यात्रा दल पहुंचा था। उसके मुताबिक, इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें नारे लगाने और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार जैसे मुद्दों पर बातचीत करने से रोकने की कोशिश की।
युवक ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने प्रदर्शनकारियों के साथ बदतमीजी की और उन्हें वहां से चले जाने को कहा। उसने यह भी दावा किया कि यात्रा में शामिल लोगों को धमकाया गया।
अहिंसक आंदोलन जारी रखने की बात
रायबरेली से यात्रा में शामिल स्वराज इंडिया पार्टी के जिलाध्यक्ष राम विलास यादव ने खुद को और अपने साथियों को गांधीवादी बताते हुए कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में हिंसा का रास्ता नहीं अपनाएंगे। उसने कहा कि विरोध या हमला होने की स्थिति में भी उनका हाथ नहीं उठेगा और वे शांतिपूर्ण तरीके से शिक्षा, स्वास्थ्य तथा रोजगार के मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि छात्र और युवा डरने वाले नहीं हैं तथा वे लोकतांत्रिक तरीके से जनता के बीच अपनी बात रखते रहेंगे।
यह यात्रा रायबरेली मे पिछले 3 दिनो से गांव कसबो मे जाकर युवाओं को बदहाल शिक्षा,बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था एवं रोजगार के अधिकार के बारे मे जागरूक किया, आज यात्रा का जगह जगह स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। एडवोकेट पुष्कर पाल, एडवोकेट अर्चना, अंशु मौर्या, राजेश द्विवेदी, अजय कुमार, राममोहन, आशीष कुमार, इंद्रमोहन, ऋषभ, रवि वर्मा, महात्मा जी आदि सैकड़ो लोगों ने यात्रा का सहयोग किया।



