हिन्दी पखवाड़े में गूंजा विद्यार्थियों की स्वरचित कविताओं का स्वर, श्वेता ने जीता प्रथम पुरस्कार

गाजियाबाद। शम्भु दयाल (पीजी) कॉलेज, गाजियाबाद में हिन्दी विभाग की ओर से हिन्दी पखवाड़ा के अंतर्गत स्वरचित कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रो. रश्मि कुमारी, प्रभारी हिन्दी विभाग, राजकीय मायावती कॉलेज, बादलपुर ने प्रो. गीता पांडे एवं अन्य शिक्षक साथियों के साथ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता में कुल 11 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपनी स्वरचित कविताओं का प्रभावी पाठ कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने श्वेता को प्रथम, सफलता को द्वितीय और सपना को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया। वहीं मानसी और मनीषा को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कॉलेज की शिक्षिकाओं ने भी अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ किया। प्रो. गीता पांडे, प्रो. नीलम गर्ग, प्रो. उर्विजा शर्मा, प्रो. पूनम सिंह, प्रो. बिन्दु कर्णवाल, डॉ. रश्मि गोयल और डॉ. शैलेन्द्र कुमार अग्रवाल ने कविता पाठ कर विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
मुख्य अतिथि प्रो. रश्मि कुमारी ने अपने संबोधन में हिन्दी भाषा की उपयोगिता, आवश्यकता और उसकी समृद्ध परंपरा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हिन्दी हमारी सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण भाषा है। उनके स्वरचित कविता पाठ ने कार्यक्रम में विशेष उत्साह का संचार किया।
कार्यक्रम के समापन पर हिन्दी विभाग की प्रभारी प्रो. गीता पांडे ने मुख्य अतिथि का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने आयोजन में विशेष सहयोग के लिए कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रोचना मित्तल का भी धन्यवाद किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।



