सदस्य निधन पर ट्रस्ट ने की 30 हजार 100 रुपये की मदद

जसवंतनगर,इटावा। सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत सहयोगी मित्र चेरिटेबल ट्रस्ट रजि. एसएमसीटी ने मोहल्ला मोहन की मड़ैया निवासी ट्रस्ट सदस्य भूरे सिंह के आकस्मिक निधन पर उनके परिवार को 30,100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। भूरे सिंह का विगत जुलाई माह में आकस्मिक निधन हो गया था।
एसएमसीटी ट्रस्ट अपने सदस्यों के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी आर्थिक सहयोग योजनाएं संचालित करता है। ट्रस्ट के अनुसार बिटिया विवाह आर्थिक सहयोग योजना के तहत चार लाभार्थी सदस्यों तथा आकस्मिक निधन आर्थिक सहयोग योजना के तहत दो लाभार्थी सदस्यों के परिवारों को अब तक कुल 1,80,005 रुपये की आर्थिक मदद सीधे बैंक खातों में हस्तांतरित की जा चुकी है।
ट्रस्ट के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुमित कुमार जोशी ने बताया कि सहयोगी मित्र सदस्यों से प्रतिमाह 100 रुपये का अंशदान लिया जाता है, जिसे योजनाओं के लाभार्थी सदस्यों के बैंक खातों में ऑनलाइन फोनपे, गूगल पे आदि के माध्यम से भेजा जाता है। भुगतान की रसीद ट्रस्ट की वेबसाइट पर अपलोड की जाती है, जहां से दानदाता रसीद डाउनलोड कर सकते हैं। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रितिक गुप्ता ने बताया कि एसएमसीटी ट्रस्ट का विस्तार देश के आठ राज्यों में हो चुका है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता जितेंद्र तोमर शीलू ने कहा कि सहयोगी मित्र चेरिटेबल ट्रस्ट सामाजिक क्षेत्र में पूरी पारदर्शिता के साथ अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति प्रतिमाह 100 रुपये का अंशदान देकर ट्रस्ट की जनकल्याणकारी आर्थिक सहयोग योजनाओं में योगदान कर पुण्य का भागीदार बन सकता है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं भी ट्रस्ट से जुड़कर प्रतिमाह 100 रुपये का अंशदान कर रहे हैं।
मोहल्ला मोहन की मड़ैया के सभासद प्रतिनिधि हेमू शाक्य ने कहा कि वह स्वयं ट्रस्ट के सहयोगी मित्र सदस्य हैं। ट्रस्ट के नियमानुसार किसी भी सदस्य के विपरीत समय आने पर आवेदन कर संबंधित योजना का लाभ लिया जा सकता है।
इस अवसर पर भाजपा नेता राजवीर सिंह चौहान,मनीष गुप्ता, ट्रस्ट के जिला सचिव दीपक वर्मा,नगर अध्यक्ष शेर सिंह राठौर,नगर उपाध्यक्ष विशाल प्रजापति,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राम रतन राठौर,रमेश राठौर, रामवीर,यतीन्द्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



