बकाया गन्ना भुगतान और आवारा पशुओं की समस्या को लेकर किसानों ने सौंपा ज्ञापन

परवेज आलम लखीमपुर खीरी
गोला गोकर्णनाथ। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया है। संगठन के जिला अध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन के निर्देश पर विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद उस्मान के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने उपजिलाधिकारी गोला को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार रंजय सिंह को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने गोला चीनी मिल पर बकाया गन्ना मूल्य का शीघ्र भुगतान कराए जाने की मांग की। किसानों का कहना है कि बकाया भुगतान में देरी से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार देय ब्याज का भुगतान भी शीघ्र सुनिश्चित कराने की मांग प्रशासन के समक्ष रखी गई। किसानों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आवारा पशुओं की समस्या को भी गंभीर मुद्दा बताते हुए कहा कि आवारा पशुओं के झुंड खेतों में पहुंचकर किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे किसानों की मेहनत और लागत दोनों प्रभावित हो रही हैं। संगठन ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा क्षेत्र की गौशालाओं में कथित अव्यवस्थाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गौशालाओं की स्थलीय जांच कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई, ताकि व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आ सके और आवश्यक सुधार कराया जा सके। इस अवसर पर विधानसभा उपाध्यक्ष हाशिम, विधानसभा प्रभारी बृज बिहारी प्रजापति, तहसील उपाध्यक्ष चांद मोहम्मद, ब्लॉक प्रभारी अफजल, ग्राम रहमतपुर अध्यक्ष इकरार हुसैन, ग्राम अलीपुर अध्यक्ष इसरार अली मंसूरी, ग्राम उपाध्यक्ष सत्तार अली मंसूरी, अफरोज, रणजीत सिंह, असलम सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।



