मां दवा लेने गई: घर से लापता हुई बेटी

पिता ने जताई अनहोनी की आशंका, गुमशुदगी दर्ज कर तलाश में जुटी पुलिस

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती सोमवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई। घटना के समय उसकी मां दवा लेने के लिए घर से बाहर गई थीं। वापस लौटने पर बेटी घर पर नहीं मिली,जिससे परिजनों में हड़कंप मच गया।

परिजनों ने युवती की आसपास के गांवों और रिश्तेदारियों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पिता ने मंगलवार को थाने पहुंचकर पुत्री की गुमशुदगी दर्ज कराई।

पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी के अचानक लापता होने से उन्हें उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका है। उन्होंने पुलिस से युवती की जल्द तलाश कर सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। युवती की तलाश के लिए पुलिस टीम को सक्रिय कर संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button