न्यायालय कक्ष में मोबाइल से वीडियो बनाने पर मुकदमा, आरोपी अमित के मोबाइल में मिले कई वीडियो

गाजियाबाद। कविनगर थाना क्षेत्र स्थित न्यायालय परिसर में न्यायिक कार्यवाही की वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के न्यायालय कक्ष में कार्यवाही के दौरान मोबाइल से वीडियो बनाने के आरोप में पुलिस ने अमित नामक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, बृहस्पतिवार को न्यायालय कक्ष में न्यायिक कार्यवाही चल रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति मोबाइल फोन से कार्यवाही की वीडियो बना रहा था। कोर्ट के लिपिक की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमित बताया। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की जांच की तो गैलरी में न्यायालय परिसर और कार्यवाही से संबंधित कई वीडियो मिले। वीडियो बनाने के कारण के बारे में पूछे जाने पर आरोपी ने बताया कि उसके एक मामले की तारीख अक्टूबर में लगी हुई है।
आरोप है कि वीडियो बनाने से रोकने पर आरोपी ने कोर्ट स्टाफ के साथ अभद्रता की और उन्हें धमकाने का प्रयास भी किया। इसके बाद कोर्ट पेशकार सतीश चंद की ओर से कविनगर थाने में शिकायत दी गई।
शिकायत में न्यायालय की सुरक्षा, गोपनीयता और न्यायिक कार्यवाही से जुड़े अभिलेखों की संवेदनशीलता प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसीपी कविनगर सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मोबाइल फोन में मिले वीडियो की भी जांच की जा रही है। वीडियो बनाने के उद्देश्य और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।



