महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के लिए पुलिस ने किया बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन

महराजगंज, रायबरेली। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत महराजगंज व चंदापुर पुलिस ने रविवार को क्षेत्र के चार गांवों में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ का आयोजन किया। सम्मेलनों के जरिए महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कोतवाली पुलिस की मिशन शक्ति की टीम ने रविवार को सारी पुर व पूरे बाबू सिंह का पुरवा तथा चंदापुर पुलिस की मिशन शक्ति की टीम द्वारा टीसाखाना पुर व डोमापुर गांव में बहू बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया।

इस दौरान महिला बीट अधिकारियों एवं मिशन शक्ति टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल शैली में संवाद सत्र कर महिलाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, आत्मरक्षा के उपायों और हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं से कहा कि वह निडर होकर अपनी बात रखें और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाए। टीम ने महिला अपराधों की रोकथाम व उनके अधिकारों की रक्षा एवं आत्मरक्षा के उपायों के संबंध में जानकारी प्रदान की।

प्रतिभागियों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देकर इन सेवाओं के उपयोग के लिए प्रेरित किया। गांव में महिलाओं, बालिकाओं व बहू बेटियों को सुरक्षा से संबंधित पंफलेट प्रदान कर जागरूक किया। इस दौरान प्रधान अत्रिकांत द्विवेदी, राजकुमार, चंदापुर पुलिस टीम के एसआई राजकुमार सिंह सहित पुरुष व महिला आरक्षी सहित आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व काफी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button