क्या बाल कलर करने से वाकई चली जाती है आंखों की रोशनी, जानें डॉक्टर से सारी बात

is hair dye eye damage: सफेद बालों को छिपाने के लिए आज बड़ी संख्या में लोग हेयर डाई या हेयर कलर का सहारा लेते हैं। खासकर 35 से 40 साल की उम्र के आसपास बालों में सफेदी बढ़ने लगती है और लोग अपने लुक को बनाए रखने के लिए उन्हें कलर करना शुरू कर देते हैं। मगर इसी दौरान एक सवाल भी कई लोगों को परेशान करता है- क्या बालों पर लगाई जाने वाली डाई आंखों की रोशनी को नुकसान पहुंचा सकती है?
हेयर डाई को लेकर यह बात लंबे समय से कही जाती रही है कि इसके इस्तेमाल से नजर कमजोर हो सकती है। यही वजह है कि कुछ लोग बालों को कलर करने से पहले भी चिंतित रहते हैं। हालांकि हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, डाई और आंखों की रोशनी कमजोर होने के बीच सीधा संबंध बताने वाला कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।
डाई से नजर कमजोर होने की बात कितनी सही?
डॉ. सुरेश वर्मा ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए इस धारणा को एक मिथक बताया है। उनके अनुसार, बालों में इस्तेमाल होने वाली डाई और आंखों की रोशनी कम होने के बीच कोई सीधा कनेक्शन नहीं है।
इसलिए केवल हेयर डाई लगाने को नजर कमजोर होने की वजह मानना सही नहीं है। लोगों में यह धारणा काफी आम है, मगर इसे वैज्ञानिक तथ्य नहीं माना जा सकता।
फिर लोगों को ऐसा क्यों लगता है?
इस भ्रम के पीछे उम्र से जुड़ा एक अहम कारण हो सकता है। आमतौर पर जिस समय बाल तेजी से सफेद होने लगते हैं, उसी दौर में आंखों में भी उम्र के कारण बदलाव आने शुरू हो सकते हैं।
35 से 40 साल के बाद कई लोगों की आंखों के लेंस में परिवर्तन होने लगता है। इसकी वजह से पास की चीजों को स्पष्ट रूप से देखने में परेशानी हो सकती है। इस स्थिति को प्रेसबायोपिया कहा जाता है।
यानी एक ही समय में दो बदलाव दिखाई दे सकते हैं। एक तरफ व्यक्ति बालों को कलर करना शुरू करता है और दूसरी तरफ उसे पास की चीजें देखने में दिक्कत महसूस होने लगती है। ऐसे में दोनों घटनाओं को जोड़कर यह मान लेना आसान हो जाता है कि नजर में आया बदलाव हेयर डाई की वजह से हुआ है। जबकि दोनों के बीच सीधा संबंध नहीं है।
आंखों के लिए डाई कब बन सकती है परेशानी?
इसका मतलब यह नहीं है कि हेयर डाई को आंखों के आसपास इस्तेमाल करते समय लापरवाही की जाए। डाई में मौजूद रसायन आंखों के संपर्क में आने पर परेशानी पैदा कर सकते हैं।
अगर डाई आंख में चली जाए तो लालिमा, खुजली या जलन जैसी समस्या हो सकती है। इसलिए बालों को कलर करते समय खास सावधानी बरतनी चाहिए और डाई को आंखों में जाने से रोकना चाहिए।
बरसात में 3 दिन से ज्यादा का बुखार हो सकता है खतरनाक, डॉक्टर से जानें कौन सा टेस्ट कराना है जरूरी
अगर गलती से डाई आंख में चली जाए तो उसे साफ पानी से अच्छी तरह धोना चाहिए। इसके बाद भी जलन या कोई दूसरी परेशानी बनी रहे तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।



