बिजली हादसों से बचें के लिए अर्थिंग कराएं: एसडीओ

जसवंतनगर,इटावा। विद्युत सुरक्षा को लेकर एसडीओ राजेश कुमार ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि बिजली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए घरों, प्रतिष्ठानों एवं कृषि नलकूपों पर अर्थिंग की समुचित व्यवस्था कराना अत्यंत आवश्यक है। थोड़ी-सी लापरवाही जान-माल के नुकसान का कारण बन सकती है, इसलिए प्रत्येक उपभोक्ता समय-समय पर अपनी विद्युत वायरिंग एवं अर्थिंग की जांच अवश्य कराएं।

एडीओ ने बताया कि बरसात के मौसम में बिजली संबंधी दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में कटे-फटे तार, खुले विद्युत कनेक्शन, खराब स्विच, बिना अर्थिंग के चल रहे विद्युत उपकरण तथा क्षतिग्रस्त वायरिंग गंभीर हादसों का कारण बन सकते हैं। इसलिए सभी लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों की विद्युत व्यवस्था की जांच किसी प्रशिक्षित बिजली मिस्त्री से कराएं। बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों एवं टूटे हुए विद्युत तारों के पास जाने से बचें। यदि कहीं बिजली का तार टूटा हुआ दिखाई दे या कोई अन्य विद्युत खराबी नजर आए तो उसकी सूचना तत्काल विद्युत विभाग के कंट्रोल रूम अथवा संबंधित उपकेंद्र को दें। स्वयं किसी भी प्रकार की मरम्मत करने का प्रयास न करें। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि खेतों में लगे पंपसेट एवं अन्य विद्युत उपकरणों में मानक के अनुसार अर्थिंग अवश्य कराएं। इससे करंट लगने की घटनाओं की संभावना काफी कम हो जाती है और उपकरण भी सुरक्षित रहते हैं।

एसडीओ ने कहा कि विद्युत विभाग उपभोक्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। यदि सभी लोग आवश्यक सावधानियां अपनाएं और अर्थिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें तो अधिकांश बिजली दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने आमजन से बिजली सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की अपील की।

Related Articles

Back to top button