निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 200 ग्रामीणों ने कराया परीक्षण

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम प्रतापपुरा स्थित किडजी स्कूल में भारत विकास परिषद मुख्य शाखा, प्रैक्टिस नर्स एलोपैथिक संगठन एवं ज्ञानश्री डेंटल हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ भारत विकास परिषद के अध्यक्ष बटेश्वरी दयाल प्रजापति ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में होम्योपैथिक चिकित्सक सत्यराम बघेल,आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ.पुष्पेंद्र पुरवार,डॉ. आदर्श गुप्ता,डॉ.अवनीश कुशवाहा,डॉ.स्वराज प्रकाश श्रीवास्तव,डॉ. भानु यादव,एलोपैथिक चिकित्सक डॉ.योगेश एलानी,दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप यादव,नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ.अमन राजपूत,बाल रोग विशेषज्ञ डॉ.संदीप सिंह तथा आशीर्वाद पैथोलॉजी के डॉ.दीपक यादव ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया।
शिविर में करीब 200 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई और उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इस दौरान सभी चिकित्सकों का पटका पहनाकर सम्मान भी किया गया। आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। ग्रामीणों ने ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग करते हुए आयोजन की सराहना की।



