शिक्षिका ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
मां का तीन साल पहले हो चुका था निधन

भरथना,इटावा। भरथना कस्बे के मोहल्ला महावीर नगर में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 20 वर्षीय मुस्कान, पुत्री बालकृष्ण, ने घर की ऊपरी मंजिल पर अपने कमरे में साड़ी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतका मुस्कान कस्बे के एक निजी स्कूल में अध्यापिका के रूप में कार्यरत थी। वह अपने पिता बालकृष्ण के साथ घर की ऊपरी मंजिल पर रहती थी, जबकि नीचे की मंजिल पर उसके चाचा रामकृष्ण और चाची प्रेमलता का परिवार रहता है। मुस्कान इकलौती संतान थी। उसकी मां उर्मिला देवी का करीब तीन वर्ष पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था। पिता बालकृष्ण फोटोग्राफी का कार्य करते हैं।
परिजनों के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे घटना उस समय सामने आई, जब बालकृष्ण किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। चाची प्रेमलता ने बताया कि जब मुस्कान स्कूल नहीं जाती थी तो सुबह देर तक सोती थी। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर उन्हें चिंता हुई। वह ऊपरी मंजिल पर पहुंचीं और कमरे में देखा तो मुस्कान साड़ी के सहारे कमरे में लगे कुंदे से फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी तनमय चौधरी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।



