चार बच्चों को छोड़ प्रेमी संग गई महिला
नकदी-जेवर ले जाने का आरोप,पति की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज,पुलिस जांच में जुटी

जसवंतनगर,इटावा। नगर क्षेत्र के एक मोहल्ले में एक महिला के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। महिला के पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी घर में रखी नकदी और जेवरात लेकर अपने कथित प्रेमी के साथ चली गई है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि चारों बच्चे घर पर ही रह गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला निवासी सौरभ ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 25 वर्षीय पत्नी शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से बिना बताए निकल गई। आरोप है कि जाते समय वह घर में रखे लगभग 80 हजार रुपये नकद तथा सोने के जेवरात भी अपने साथ ले गई। काफी देर तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद पति ने थाने पहुंचकर पुलिस को मामले की सूचना दी।
सौरभ का कहना है कि उसकी पत्नी किसी युवक के संपर्क में थी और आशंका है कि वह उसी के साथ चली गई है। महिला के अचानक घर छोड़ने से चारों बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी परिवार पर आ गई है।
चार मासूम बच्चों को घर पर छोड़कर महिला के जाने से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस महिला के मोबाइल नंबर और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने में लगी है।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पति की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। महिला की तलाश की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।



