आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर में 108 मरीजों का हुआ परीक्षण

महलई में सम्पन्न हुआ शिविर

जसवंतनगर,इटावा। “आयुष आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत महलई में आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डॉ. शीलेन्द्र सिंह एवं डॉ. इंदू सिंह ने 108 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क औषधियां वितरित कीं।

चिकित्सकों ने वर्तमान मौसम में फैल रही बीमारियों से बचाव के उपाय बताते हुए लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया। शिविर में उल्टी, दस्त, बुखार, सर्दी-जुकाम, पेट दर्द, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं त्वचा संबंधी रोगों से पीड़ित बुजुर्ग, महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे बड़ी संख्या में पहुंचे।

इस दौरान प्रेम सिंह, राहुल शाक्य, जिलेदार, रोहित एवं अनुज यादव ने शिविर के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।


अवैध शराब के 51 क्वार्टर के साथ युवक गिरफ्तार

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 51 अवैध शराब के क्वार्टर बरामद किए हैं।

अवैध शराब

थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी ने बताया कि थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान ग्राम जसोहन मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान युवक के पास से 51 अदद नाजायज शराब के क्वार्टर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इन्द्रपाल पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम जसोहन बताया। उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है।उपनिरीक्षक शुभम वर्मा ने आरोपी के खिलाफ धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।

थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button