ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर: महिला की मौत
पति घायल,नौ माह का मासूम सुरक्षित

जसवंतनगर,इटावा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई,जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान महिला की गोद में मौजूद नौ माह का मासूम चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
फिरोजाबाद जिले के थाना शिकोहाबाद क्षेत्र के गांव आमरी निवासी 25 वर्षीय शरीफ खां अपनी 21 वर्षीय पत्नी संगीता और नौ माह के बच्चे के साथ बाइक से पत्नी के मायके पिपरेधी गांव से वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया कि जब उनकी बाइक क्षेत्र के जमुना बाग गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के निकट पहुंची,तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दंपती सड़क पर गिर पड़े।
हादसे में संगीता गंभीर रूप से घायल हो गईं,जबकि शरीफ खां को भी चोटें आईं। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए एम्बुलेंस से सीएचसी पहुंचाया,जहां डॉ.वीरेन्द्र सिंह,डॉ.विकास अग्निहोत्री और महिला चिकित्सक डॉ.अंकिता गौतम ने संगीता को मृत घोषित कर दिया,जबकि शरीफ खां की हालत गंभीर होने पर उन्हें सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि हादसे के समय मां की गोद में मौजूद नौ माह का मासूम पूरी तरह सुरक्षित बच गया। मौके पर मौजूद लोग इसे ईश्वर की कृपा बताते नजर आए और कहने लगे,“जाको राखे साइयां मार सके न कोय, बाल न बांका कर सके चाहे जग बैरी होय।”
घटना की सूचना मिलते ही मृतका की मां सकीना पत्नी लालजी मौके पर पहुंच गईं। बेटी की मौत से उनका रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर महिला के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मासूम बच्चा फिलहाल अपनी नानी की गोद में सुरक्षित है।



