अवैध खनन पर बड़ा एक्शन: 5.18 लाख का जुर्माना

10 डंपर सीज, 32 ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई

इटावा। इटावा जनपद में अवैध खनन,ओवरलोडिंग और बिना नंबर प्लेट वाहनों के खिलाफ इटावा पुलिस ने सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत 10 डंपरों को सीज किया गया, जबकि कुल 32 ओवरलोड और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के चालान किए गए। पुलिस द्वारा कुल 5,18,000 रुपये का सम्मन शुल्क वसूला गया है।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने राजस्व विभाग और परिवहन विभाग आर टी ओ के साथ संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसा।

मोरंग सिंडीकेट पर कसा शिकंजा

पुलिस की इस कार्रवाई से मोरंग माफियाओं में हड़कंप मच गया है। जांच में सामने आया कि कई डंपर बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे थे, जबकि कुछ वाहनों की नंबर प्लेट पर कालिख पोतकर पहचान छिपाने की कोशिश की जा रही थी। यह माफियाओं का नया तरीका सामने आया है, जिससे वे पुलिस की नजरों से बच सकें।

एसपी ग्रामीण के नेतृत्व में ताबड़तोड़ कार्रवाई

एसपी ग्रामीण श्रीसचन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर चेकिंग कर अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन में संलिप्त वाहनों को पकड़ा। बिना वैध कागजात और क्षमता से अधिक मोरंग लादकर परिवहन करते 32 डंपरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

आमजन से प्रशाशन की अपील

इटावा एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जनता से अपील की है कि अवैध खनन,ओवरलोडिंग या अवैध परिवहन से संबंधित कोई भी सूचना तुरंत पुलिस या संबंधित विभाग को दें, ताकि ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

पुलिस की इस सख्ती से जनपद में अवैध खनन पर रोक लगाने की दिशा में बड़ा संदेश गया है।

Related Articles

Back to top button