डबल डेकर बसें यातायात व्यवस्था पर बनी चुनौती
डग्गामार बसों पर नहीं लग रही शक्ति से लगाम

इटावा। इटावा जनपद में अवैध रूप से संचालित डग्गामार बसें यातायात व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं,आरटीओ विभाग की कथित अनदेखी के बीच बस संचालक नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार कई बसों की पीछे की नंबर प्लेट को काला कर दिया गया है या नंबर मिटा दिए गए हैं, ताकि किसी दुर्घटना की स्थिति में पहचान न हो सके।
भरथना कस्बे में रेलवे फाटक से होकर सुबह के समय गुजरने वाली कई बसों में इस तरह की अनियमितताएं देखी गई हैं। सड़क किनारे ही सवारियां भरी और उतारी जाती हैं, जिससे जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनती है।
बताया जा रहा है कि यातायात प्रभारी सूबेदार सिंह लगातार व्यवस्था सुधारने और नियमों का पालन कराने के प्रयास में जुटे हैं,लेकिन कुछ बस संचालक उनके मंसूबों पर पानी फेरते नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए,ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।



