ट्रक-बाइक की भिडंत में दो गंभीर घायल: सैफई रेफर

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर क्षेत्र में मंगलवार शाम को थाना क्षेत्र के कचौरा बाईपास रेलवे ओवरब्रिज पर ट्रक और बाइक की आमने-सामने जबरदस्त भिडंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें सैफई पीजीआई के लिए रेफर किया गया। मंगलवार शाम को कस्बे के लधुपुरा इलाके के रहने वाले विपिन कुमार पुत्र रमेश कुमार अपने भांजे स्वयं प्रताप सिंह पुत्र संजीव निवासी दुर्गापुरा के साथ बाइक से कचौरा बायपास रोड पर मोटरसाइकिल में पेट्रोल डलवाने जा रहे थे।

कचौरा बायपास मार्ग के रेलवे ओवर ब्रिज पर पहुंचे ही थे कि तभी सामने से तहसील की तरफ से आ रहे आगरा की ओर जा रहे एक ईट लदे ट्रक में बाइक सवारों की जोरदार टक्कर हो गई जिससे सड़क पर गिरकर दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज हेतु भर्ती कराया। केंद्र अधीक्षक डॉ.वीरेंद्र सिंह ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनकी चिंताजनक हालत को देखते हुए सैफई पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। हेड इंजरी के कारण विपिन की हालात अतिचिंताजनक बताई गई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।


नहर में तैरता मिला महिला का शव

जसवंतनगर क्षेत्र के ग्राम मल्हूपुर के सामने भोगनीपुर नहर में मंगलवार सुबह करीब आठ बजे लगभग 45 वर्षीय अज्ञात महिला का शव उतराता मिला।शव दिखाई देने से आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया।गांव निवासी श्याम सुंदर ने बताया कि वह सुबह खेत की ओर गए थे। इसी दौरान उनकी नजर नहर में तैरते शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी व हल्का इंचार्ज ललित चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

Related Articles

Back to top button