आईटीआई सहादतपुरा में लगा रोजगार मेला, कई नामी कंपनियों ने किया चयन

नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा, मिंडा इलेक्ट्रिक ने केवल बालिकाओं का किया चयन

मऊ। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सहादतपुरा, मऊ में प्रत्येक माह की 21 तारीख को आयोजित होने वाले रोजगार मेले की कड़ी में इस माह में 22 दिसंबर 2025 को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। दरअसल, 21 दिसंबर को रविवार पड़ने के कारण यह आयोजन एक दिन आगे बढ़ाया गया। इस रोजगार मेले में युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार पाने का अवसर मिला, जिसमें कुल पांच नामी कंपनियों ने प्रतिभाग किया।

रोजगार मेले में हीरो मोटर्स हरिद्वार प्लांट, कृष्णा मारुति गुरुग्राम (हरियाणा), श्रीराम पिस्टन गाजियाबाद, लेंसकार्ट गुरुग्राम तथा मिंडा इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड रेवाड़ी (हरियाणा) शामिल रहीं। मेले के दौरान युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में प्रशिक्षित छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराकर साक्षात्कार प्रक्रिया में भाग लिया। इस रोजगार मेले में कुल 112 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 82 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

हीरो मोटर्स हरिद्वार प्लांट द्वारा कुल 35 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को ₹17,247 प्रतिमाह वेतन पर नियुक्ति का अवसर मिला। वहीं, कृष्णा मारुति गुरुग्राम (हरियाणा) एवं श्रीराम पिस्टन गाजियाबाद में कुल 34 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिन्हें ₹16,000 प्रतिमाह वेतन पर रोजगार प्रदान किया गया।

लेंसकार्ट गुरुग्राम कंपनी विशेष रूप से ग्रेजुएट अभ्यर्थियों के चयन के उद्देश्य से रोजगार मेले में पहुंची थी। हालांकि, साक्षात्कार प्रक्रिया में अधिकांश अभ्यर्थी अपेक्षित मानकों पर खरे नहीं उतर सके, जिसके चलते अंततः केवल तीन अभ्यर्थियों का ही चयन हो सका। चयनित अभ्यर्थियों को ₹19,000 प्रतिमाह वेतन पर नियुक्ति दी गई।

सरकार की नारी सशक्तिकरण की सोच को साकार करते हुए मिंडा इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड रेवाड़ी ने इस रोजगार मेले में केवल बालिकाओं के चयन हेतु भाग लिया। कंपनी द्वारा कुल 10 बालिकाओं का चयन किया गया, जिन्हें ₹15,000 प्रतिमाह वेतन पर ऑफर लेटर प्रदान किए गए। यह पहल बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है।

रोजगार मेले के सफल आयोजन में राजकीय आईटीआई सहादतपुरा मऊ के प्रधानाचार्य अरुण यादव, रोजगार प्रभारी योगेंद्र यादव, कार्य निदेशक अखिलेश कुमार के साथ ही सदानंद राय, मीरा यादव, अनिता कुशवाहा, रमेश यादव, आदित्य पांडे और सरिता विश्वकर्मा सहित संस्थान के समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अधिकारियों ने बताया कि आईटीआई सहादतपुरा में प्रत्येक माह नियमित रूप से रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

Related Articles

Back to top button