खेत की बुआई कर रहे दंपत्ति को छोटे भाई व उसकी पत्नी पर पीटने का आरोप

महराजगंज, रायबरेली। खेत में सरसों की बुआई कर रहे दंपत्ति को छोटे भाई उसकी पत्नी व भतीजों द्वारा गाली गलौज करते हुए मारपीट व धमकाने का मामला सामने आया है। मामले में भुक्तभोगी ने छोटे भाई समेत पांच के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
घटना कोतवाली क्षेत्र के सेनपुर मजरे बावन बुजुर्ग बल्ला गांव का है। गांव निवासी बाबादीन पुत्र विश्राम ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बीते शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह अपने खेत में सरसों की बुआई कर रहा था। तभी विपक्षी महराजदीन पुत्र विश्राम, अपनी पत्नी फूलमती व बेटे संदीप, कुलदीप व प्रदीप के साथ आये और एक राय होकर गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि विरोध करने पर उसकी व उसकी पत्नी की लात घूसों व थप्पड़ों से पिटाई कर दी। आरोप है कि लाइसेंसी बंदूक दिखाकर भुक्तभोगी को जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले में कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मारपीट के आरोपी दंपत्ति व उनके तीन बेटों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी गई है।



