फ्लाइट कैंसिल होने से हाहाकार, सरकार ने फिक्स की हवाई किराए की मैक्सिमम लिमिट

IndiGo crisis: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की सर्विस में बड़ी रुकावट आई। इस वजह से पूरे देश में फ्लाइट्स कैंसिल कर दी गईं। कई रूट्स पर हवाई किराए में अचानक बढ़ोतरी हुई। हालात बिगड़ते देख केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने तुरंत दखल दिया। सरकार ने शनिवार को घरेलू इकॉनमी टिकट पर किराए की मैक्सिमम लिमिट तय कर दी ताकि एयरलाइंस यात्रियों से मनमानी कीमतें न वसूल सकें।
इसके साथ ही, सरकार ने इंडिगो और दूसरी एयरलाइंस को सख्त हिदायत दी है कि सभी कैंसिल या रुकी हुई फ्लाइट्स का रिफंड आज, रविवार (7 दिसंबर) रात 8 बजे तक यात्रियों को वापस कर दिया जाए, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी।
हवाई किराए की लिमिट तय (indigo fare list)
सरकारी आदेश के मुताबिक, एयरलाइंस अब तय की गई दूरी के आधार पर इकॉनमी क्लास टिकट पर मैक्सिमम किराया ले सकेंगी।
यदि यात्रा की दूरी 500 किलोमीटर तक है, तो टिकट की अधिकतम कीमत 7,500 रुपये तय की गई है। वहीं 500 किलोमीटर से लेकर 1,000 किलोमीटर तक की दूरी के लिए यह अधिकतम मूल्य 12,000 रुपये है। इसके अतिरिक्त 1,000 किलोमीटर से 1,500 किलोमीटर तक की यात्रा करने पर टिकट की अधिकतम कीमत 15,000 रुपये तक हो सकती है। अंत में, 1,500 किलोमीटर से अधिक की किसी भी लंबी दूरी की यात्रा के लिए टिकट का अधिकतम मूल्य 18,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
यह नई लिमिट तब तक लागू रहेगी जब तक हवाई किराए नॉर्मल नहीं हो जाते या सरकार इसे फिर से रिव्यू नहीं कर लेती। ये लिमिट एयरलाइन की वेबसाइट या किसी ऑनलाइन एजेंट के ज़रिए की गई सभी बुकिंग पर लागू होगी।
इंडिगो के यात्रियों को बड़ा झटका, दिल्ली समेत पूरे देश में 600 से ज़्यादा फ़्लाइट्स कैंसिल
सरकार ने साफ़ किया है कि यह लिमिट सिर्फ़ बेसिक किराए पर लागू होगी और इसमें दूसरे चार्ज (जैसे टैक्स) शामिल नहीं हैं। ये नियम बिज़नेस क्लास और UDAN स्कीम के तहत आने वाली फ़्लाइट्स पर लागू नहीं होते हैं।



