सुनसान सड़क पर मिला अज्ञात शव
घटना स्थल पर मिले टायरों के निशान से हादसे की आशंका

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देर रात सुनसान सड़क किनारे एक 38 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। रात्रि गश्त कर रही पुलिस की नजर सड़क पर पड़े व्यक्ति पर पड़ी तो तत्काल एम्बुलेंस की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े 11 बजे उमरसेंडा नहर से करीब 500 मीटर आगे ऊसराहार रोड पर सड़क किनारे संदिग्ध हालत में एक व्यक्ति पड़ा मिला। गश्त कर रही पुलिस को जब सड़क पर व्यक्ति दिखाई दिया तो तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर उसे सीएचसी भरथना भेजा गया,लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मौके पर पहुंचे दरोगा इद्दू हसन ने बताया कि मृतक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से देशी शराब का एक क्वार्टर बरामद हुआ है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से व्यक्ति की मौत हुई हो सकती है, क्योंकि शव के पास सड़क पर टायरों के निशान भी पाए गए हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। कोतवाल विक्रम सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



