पर्यावरण दिवस और सीएम योगी का जन्मदिन एक साथ पुलिस लाइन स्कूल में किया वृक्षारोपण

सुलतानपुर- विश्व पर्यावरण दिवस और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन के पावन अवसर पर सुलतानपुर में अनोखा संगम देखने को मिला। प्राथमिक शिक्षा मित्र संघ ने सीएम योगी के जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प से जोड़ते हुए वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया।
जिलाध्यक्ष वृजेश पाण्डेय के नेतृत्व में संघ के जिला एवं ब्लॉक पदाधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर स्थित प्राथमिक विद्यालय में पौधे रोपकर मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सभी ने सीएम योगी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।
जिलाध्यक्ष वृजेश पाण्डेय ने कहा, “आज दोहरी खुशी का दिन है। एक तरफ विश्व पर्यावरण दिवस है, दूसरी तरफ हमारे लोकप्रिय मुख्यमंत्री का जन्मदिन। इसलिए हमने तय किया है कि जनपद का हर शिक्षा मित्र आज अपने घर पर कम से कम एक पौधा जरूर लगाएगा।”
उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल 1 लाख 47 हजार शिक्षा मित्र हैं। यदि हर साथी एक पौधा लगाता है तो अकेले शिक्षा मित्र संघ के प्रयास से पूरे उत्तर प्रदेश में एक दिन में 1.47 लाख नए पौधे लग जाएंगे। यह मुख्यमंत्री जी के लिए सबसे सार्थक उपहार होगा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों की बड़ी भागीदारी रही। महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष प्रांजली श्रीवास्तव, जिला महामंत्री पवन कुमार, कोषाध्यक्ष रामप्रसाद मिश्र, उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार दूबे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बल्दीराय के महामंत्री राजदेव यादव, पी. पी. कमैचा से मनोज कुमार मिश्र, जयसिंहपुर के अध्यक्ष सन्तरामपाल, कादीपुर के अध्यक्ष करुणा शंकर पाण्डेय और लम्भुआ के अध्यक्ष उदय प्रताप पाण्डेय समेत जिले भर से आए शिक्षा मित्रों ने पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” के नारे भी लगाए गए। संघ ने अपील की कि लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी हर शिक्षा मित्र स्वयं लेगा, ताकि यह अभियान केवल औपचारिकता न रह जाए।



